उत्तराखंड

महाशिवरात्रि पर कोटेश्वर जाने से पहले जाने, ट्रेफिक प्लान

पुलिस की तैयारी

पुलिस उपाधीक्षक ने किया कोटेश्वर मंदिर का निरीक्षण

रुद्रप्रयाग। 18 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व को लेकर पुलिस ने जनपद के प्रसिद्ध शिव मंदिरों का भ्रमण किया। यहां भक्तों को सुरक्षा व्यवस्था एवं संभावित यातायात प्लान को देखते हुए विशेष इंतजाम किए। साथ ही मंदिरों से भी बेहतर व्यवस्थाएं बनाने में सहयोग की अपील की। पुलिस के अनुसार कोटेश्वर जाने वाले वाहन पोखरी मार्ग कलक्ट्रेट की ओर से मंदिर को जाएंगे जबकि कोटेश्वर दर्शन के बाद वापस आने वाले वाहन विकास भवन (बेला) वाले मार्ग से लौटेंगे। इसी तरह गुफा में जाने के लिए भी वन वे व्यवस्था रहेगी।

शिवभक्तों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने लिया सम्पूर्ण क्षेत्र का जायजा

पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल ने पुलिस टीम के साथ गुरुवार को सिद्धपीठ कोटेश्वर सहित अनेक मंदिरों का भ्रमण किया। इस दौरान महाशिवरात्रि पर्व अनेक शिवालयों में आने वाले शिवभक्तों की अनुमानित संख्या को लेकर भी चर्चा की। सिद्धपीठ कोटेश्वर महादेव में बड़ी संख्या में भक्तों के आने को लेकर भी बेहतर व्यवस्था का भरोसा दिया। कहा कि यहां पुलिस के स्तर से सुरक्षा व यातायात के आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। पुलिस उपाधीक्षक ने कोटेश्वर पहुंचकर यहां किए जाने वाले पुलिस प्रबंधन कार्य का जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व की तिथि को कोटेश्वर जाने के लिए यातायात का वन वे प्लान रहेगा। कोटेश्वर जाने वाले वाहन कलेक्ट्रेट की ओर जाने वाले मार्ग का प्रयोग करते हुए विकास भवन वाले मार्ग से होकर जाएंगे। साथ ही कोटेश्वर (बेला-खुरड़) के पूर्व निर्धारित मार्ग से वाहनों को बाहर भेजा जाएगा। इस प्रकार की व्यवस्था बनाने से अनावश्यक लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। जबकि भक्तों की सुरक्षा व मंदिर दर्शन में सहयोग के लिए आवश्यक पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। बताया कि आपात स्थिति के लिए जल पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन आदि पुलिस बल तैनात रहेगा। निरीक्षण के दौरान कोटेश्वर के महंत शिवानंद महाराज, निरीक्षक यातायात श्याम लाल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रुद्रप्रयाग केशवानन्द पुरोहित, फायर सर्विस चालक गणनाथ सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button