
रुद्रप्रयाग। जखोली ब्लॉक मुख्यालय में तीन दिवसीय लस्या कौथिग 2025 का रंगारंग सांस्कृतिक झांकियों के साथ शुभारंभ हो गया। पहले दिन विभिन्न महिला मंगल दल, कीर्तन मण्डलियों एवं स्कूली बच्चों ने रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी की मौजूदगी में ओंकारानंद इंका प्रांगण से मुख्य बाजार तक सांस्कृतिक झांकियां निकाली। जबकि इसके बाद झांकियां मुख्य बाजार से होते हुए मेला स्थल ब्लॉक मुख्यालय जखोली परिसर पहुंची।
महिलाओं की मौजूदगी में निकाली गई सुंदर झांकी, तो छोलिया नृत्य रहा आकर्षण का केंद्र
गढ़वाल विवि श्रीनगर के पूर्व डीएसडब्ल्यू व जखोली के पूर्व प्रमुख प्रोफेसर महावीर सिंह नेगी ने रिबन काट कर व दीप प्रज्ज्वलित कर द्वितीय लस्या कोथिग महोत्सव 2025 का शुभारंभ किया है। कार्यक्रम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से जहां लोक संस्कृति का संवर्धन होता है, वहीं स्थानीय कलाकारों को भी मौका मिलता है। रुद्रप्रयाग के विधायक भरत चौधरी ने कहा कि लस्या कौथिग उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि मेले के जरिए महिलाओं और स्कूल के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक उचित मंच मिल रहा है, जिससे उनकी कला निखर रही है। उन्होंने कहा कि जनपद रुद्रप्रयाग में विभिन्न सरकारी योजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र में अपने द्वारा किए गए विकास कार्यों को गिनाते हुए जनता के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कार्यक्रम संयोजक भूपेंद्र सिंह भंडारी द्वारा दूसरी बार लस्या कोथिग महोत्सव का भव्य आयोजन करने के लिए प्रशंसा की है। कार्यक्रम संयोजक विधायक प्रतिनिधि व क्षेत्र पंचायत सदस्य भूपेंद्र भण्डारी द्वारा जखोली विकासखंड की नींव रखने वाले संस्थापक, राजशाही के समय डिप्टी कलेक्टर रहे व देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के प्रथम निर्वाचित विधायक स्वर्गीय सत्ये सिंह राणा के जीवन ओर उसके द्वारा किए गए विकास कार्यों पर आधारित जानकारियों के संग्रह पर आधारित गढ़वाली लोकगीत का विमोचन किया गया। जिसे मंच पर ग्राम बजीरा लस्या की उभरती हुई सुप्रसिद्ध गायिका कुमारी सपना शाह व लोक गायक ओम बधाणी ने मंच पर गायन कर जनता को समर्पित किया है। इस अवसर पर क्षेत्र की 22 महिला मंगल दलों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का समां बांधा। इसके बाद प्रसिद्ध रंगकर्मी डॉ राकेश भट्ट द्वारा रचित नन्दा देवी की कथा पर आधारित गीत नाट्य साथी कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा है। इससे पूर्व कार्यक्रम संरक्षक व विधायक रुद्रप्रयाग भरत सिंह चौधरी ने लस्या कोथिग महोत्सव का भव्य आयोजन करने पर कार्यक्रम संयोजक व क्षेत्र पंचायत सदस्य भूपेंद्र सिंह भंडारी व स्थानीय जनता सहित सभी महिला मंगल दलों को बधाई देते हुए मेले में सभी का स्वागत किया है।
लस्या कौथिग उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत संजोने का सार्थक प्रयास: चौधरी
कार्यक्रम के पहले दिन रक्तदान शिविर व युवाओं के लिए वालीबाल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न सरकारी विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए स्टॉल लगाए गए। जिनमें स्थानीय लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। इस मौके पर पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख अर्जुन गहरवार, गढ़वाली फिल्म अभिनेता बलदेव राणा, प्रधानाचार्य गोविंद सिंह नेगी, प्रबंधक ललिता भट्ट, भाजपा पूर्व मण्डल अध्यक्ष मेहरबान रावत, भाजपा मण्डल अध्यक्ष धूम सिंह राणा, सम्पूर्णानन्द सेमवाल, दीनदयाल भण्डारी, राजेंद्र सजवाण, संजयपाल नेगी, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रदीप पंवार, प्रधान डा संजय राणा, प्रधान ललूड़ी शीला भण्डारी, अनिता कोठरी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन भूपेंद्र सिंह भंडारी व दिग्विजय सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से किया है।