उत्तराखंड

कारगिल युद्ध में अदम्य साहस दिखाते हुए दिया सैनिकों ने सर्वोच्च बलिदान

कारगिल शौर्य दिवस:

कारगिल शौर्य दिवस पर दी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि

रुद्रप्रयाग। कारगिल शौर्य दिवस के मौके पर जिला सैनिक कल्याण व शिक्षा विभाग के संयुक्त सहयोग से राजकीय इंटर कॉलेज रुद्रप्रयाग में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई जबकि शहीदों की वीर नारियों को सम्मानित किया गया।

शहीदों की वीर नारियों का शॉल ओढ़कर किया सम्मानित

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया इसके बाद वीर शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में रायफल मैन शहीद भगवान सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती सुंदरी देवी, नायक शहीद गोविंद सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती ऊमा देवी को मुख्य अतिथियों द्वारा शॉल ओढ़कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है, जिसमें भारतीय सेना के वीर सैनिकों ने अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की रक्षा के लिए दुश्मनों के छक्के छुड़ाकर कारगिल युद्ध में विजय प्राप्त की। युद्ध में देश की रक्षा के खातिर कई वीर शहीद सैनिकों ने अपने प्राणों की आहूति दी। उन्होंने कहा कि शहादत देने में उत्तराखंड पीछे नहीं रहा है इसमें भी 75 जांबाज सैनिकों द्वारा देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिसमें जनपद रुद्रप्रयाग के तीन जांबाज शहीद सैनिक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य से हर सेना में जांबाज सिपाही भर्ती हैं जो देश की सुरक्षा के लिए सीमाओं पर तैनात हैं।

युद्ध में भारत के 527 सैनिकों ने दी देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहूति
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि भारत के सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए दुश्मनों को कड़ी टक्कर देते हुए विजय हासिल की है। कई वीर सैनिकों ने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहूति दी है। उन्होंने कहा कि हमें उनके बलिदान को जाया नहीं होने देना है। उन्होंने भारत की रक्षा, उन्नति एवं प्रगति के लिए जो सपना देखा है उस सपने को पूरा करने के लिए सभी को इस दिशा में कार्य करने की जरूरत है। कारगिल शौर्य दिवस के मौके पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी हेमंत कुमार ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारत के 527 सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहूति दी है जिसमें उत्तराखंड के 75 जवान शामिल है। जनपद रुद्रप्रयाग के तीन वीर सैनिकों जिसमें नायक शहीद सुनीत दत्त कांडपाल, रायफल मैन शहीद भगवान सिंह, नायक शहीद गोविंद सिंह ने इस युद्ध में देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देते हुए शहीद हो गए।

कारगिल शौर्य दिवस के मौके पर शिक्षा विभाग द्वारा अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्राओं को सम्मानित किया गया जिसमें प्रथम स्थान अटल आदर्श उत्कृष्ट इंटर कॉलेज ऊखीमठ की 12वीं की छात्रा कु. अमृता, द्वितीय स्थान अटल आदर्श उत्कृष्ट इंटर कॉलेज रुद्रप्रयाग की 12वीं की कु. प्रियंका चमोली तथा तृतीय स्थान पर अटल आदर्श उत्कृष्ट इंटर कॉलेज ऊखीमठ की 12वीं की छात्रा कु. सोनिया को पुरस्कृत किया गया। राइंका के छात्र-छात्राओं द्वारा वीर शहीदों की याद में सांस्कृति कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जिपं अध्यक्ष सुमंत तिवारी, विधायक भरत चौधरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने किया प्रतिभाग

कार्यक्रम का सफल संचालन किशन सिंह रावत द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सुमंत तिवारी, रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, कारगिल शहीदों की वीर नारियां, सीईओ यशवंत सिंह चौधरी, एसडीएम सदर अपर्णा ढौंडियाल, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध कुमार घिल्डियाल, ईई लोनिवि जेएस रावत, डीएचओ योगेंद्र सिंह चौधरी,भूतपूर्व सैनिक, जन प्रतिनिधियों, राइंका रुद्रप्रयाग के प्रधानाचार्य राजवीर सिंह भदौरिया, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडर मौजूद थे।
——-

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button