उत्तराखंड

प्रो. डीआर पुरोहित को मिला संगीत नाटक अकादमी अवार्ड

सम्मान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विज्ञान भवन में किया सम्मानित

देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशभर से चयनित प्रख्यात संगीतकारों, नर्तकों, लोक एवं आदिवासी कलाकारों एवं रंगकर्मियों को उनके उत्कृष्ट और विशिष्ट योगदान के लिए संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया। यह पुरस्कार वर्ष 2019, 2020, 2021 के लिए दिए गए। विज्ञान भवन दिल्ली में राष्ट्रपति ने प्रो. दाताराम पुरोहित सभी सभी चयनित लोगों को सम्मानित किया। इधर, पुरोहित को सम्मान मिलने पर अनेक लोगों ने खुशी जताई है।

रुद्रप्रयाग सहित पूरे उत्तराखंड में संस्कृति से जुड़े लोगों ने जताई खुशी

यह हमारे भारत देश में प्रदर्शन कला वर्ग में दिए जाने वाला सबसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार है। रुद्रप्रयाग जनपद के क्वीली गांव निवासी एवं प्रख्यात संस्कृतिकर्मी और शिक्षाविद प्रो दाताराम पुरोहित को उत्तराखंड की लोक कलाओं के संवर्धन में अमूल्य योगदान के लिए साल 2021 का संगीत नाटक अकादमी सम्मान प्रदान किया गया। हमारे देश में इस प्रतिष्ठित पुरस्कार वितरण की परंपरा 1952 से चली आ रही है। इसमें हर साल संगीत, नृत्य, रंगमंच, पारंपरिक कलाओं, कठपुतली कला और अन्य विविध प्रदर्शन कला के क्षेत्र में कलाकारों द्वारा दिए गए विशिष्ट योगदान के लिए उन्हें रत्न सदस्यता और अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है।

उत्तराखंड की ढोल वाद्य शैली, पंडवाणी को विश्व पटल तक पहुंचाया

उत्तराखंड की लोक संस्कृति एवं उसके कलाकारों के संवर्धन के लिए प्रो. डीआर पुरोहित ने अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उत्तराखंड की लोक कलाओं को अपने शोध कार्यों के माध्यम से पूरी दुनिया में एक अलग पहचान दिलाने के लिए प्रो पुरोहित ने जर्मनी की प्रतिष्ठित हाइडिलबर्ग युनिवर्सिटी से लेकर अमेरिका की प्रिंस्टन यूनिवर्सिटी तक दुनियाभर की दर्जनभर विश्वविद्यालयों और संस्थानों में व्याख्यान दिए। उन्होंने उत्तराखंड की ढोल वाद्य शैली, पंडवाणी, भड़वार्ता, जागर, रम्माण, नंदा के गीत और बादी बदीणों के गीतों पर शोध कर उनके अकादमिक प्रचार प्रसार में अहम भूमिका निभाई है। श्रीनगर के हेनब गढ़वाल केन्द्रीय विश्वविद्यालय में लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केन्द्र की अवधारणा एवं उसे मूर्त रूप देने का श्रेय भी प्रो डी आर पुरोहित को ही जाता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रो. डीआर पुरोहित के अलावा शास्त्रीय गायक छन्नू लाल मिश्र, लोक गायिका तीजन बाई, भजन गायक अनूप जलोटा सहित देश के कई प्रतिष्ठित कलाकारों को भी सम्मानित किया। पुरोहित को सम्मान मिलने पर कलश ट्रस्ट के संयोजक ओपी सेमवाल, शिक्षक सतेंद्र भंडारी, गिरीश बडोनी सहित अनेक लोगों ने खुशी जताई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button