
रुद्रप्रयाग। भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विभिन्न विकास कार्यो की जानकारी दी। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड ने विकास के कई नए कीर्तिमान हासिल किए हैं।
भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियां बताते हुए पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ने बीते दो सालों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्ग दर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में अभूतपूर्व विकास कार्य किए हैं। कहा कि पंचायतों के सशक्तिकरण, नारी शक्ति सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, गरीबों के कल्याण, किसानों के उत्थान, युवाओं के कल्याण के अलावा पर्यटन क्षेत्र में कई अहम कार्य किए हैं। प्रदेश में सड़कों का विस्तार होने से सभी को बेहतर यातायात सुविधा मिली है। महाराज ने कहा कि प्रदेश में धर्मांतरण को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया गया है। परीक्षाओं में अनुचित साधनों के उपयोग को रोकने के लिए कानून बनाया गया है। 80 से अधिक नकल माफियाओं को जेल में डाला गया है। सरकार ने अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई की है। जबकि यूसीसी विधेयक पास किया है। भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड 1064
ऐप की शुरुआत की गई। सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य सरकार ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में विभिन्न धार्मिक सर्किटों का निर्माण किया है। मन्दिर माला मिशन में 48 मन्दिरों का चयन कर प्रथम चरण में 16 मन्दिरों में अवस्थापना विकास कार्य किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के नेतृत्व में राज्य विकास के पथ पर अग्रसर
बाईब्रेन्टविलेज योजना में माणा गांव में 5 परियोजनाओं की स्वीकृति राज्य सरकार को दी गई है। ग्राम सारी (रुद्रप्रयाग) और बगोरी (उत्तरकाशी) को ग्रामीण पर्यटन में मॉडल विलेज के रूप में विकसित किया जा रहा है। जागेश्वर धाम, महासू देवता हनोल, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम को बदरीनाथ केदारनाथ की तरह विकसित करने के लिए मास्टर प्लान बनाया जा रहा है। प्रदेश में अब तक 5000 से अधिक होम स्टे बन चुके हैं। जनपद में स्थित कार्तिक स्वामी मन्दिर में पहली बार 108 वालमपुरी शंख पूजा का आयोजन किया गया। महाराज ने कहा कि सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश में 2449.35 करोड की धनराशि से 2960.02 किमी सडकों का निर्माण किया गया।
कैबिनेट मंत्री ने रुद्रप्रयाग में प्रेस वार्ता कर गिनाई सरकार के कार्यो की उपलब्धियां
जनपद रुद्रप्रयाग में पिछले 2 वर्षों में 39 पंचायत भवन नव निर्माण के लिए स्वीकृत किए गए हैं। राज्य की सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। लखपति दीदी योजना में प्रदेश की 1.25 लाख महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना एवं मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना की शुरूआत की गई है। मुख्यमंत्री महिला उद्यमिता प्रोत्साहन योजना में महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बिना ब्याज के 5 लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया गया। पैतृक संपत्ति में महिलाओं को भूमिधरी का अधिकार प्रदान किया गया। 1.84 लाख अंत्योदय परिवारों को साल में 3 मुफ्त रिफिल गैस सिलेंडर दिए गए। अब पति और पत्नी दोनों को वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिलेगा। वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन में 1200 रूपये से बढ़ाकर 1500 रूपये कर दी गई है। विद्यालयी छात्र-छात्राओं एवं कॉलेज के विद्यार्थियों को मुफ्त टेबलेट वितरण किए गए हैं। संघ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाले प्रतियोगियों को 50 हजार रूपये प्रोत्साहन राशि दी गई। राज्य आदोलनकारियों की पेंशन में वृद्धि करने के साथ-साथ उन्हें 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया। खिलाड़ियों को नौकरी में आरक्षण के लिए विधानसभा में विधेयक पास किया गया। एप्पल मिशन में किसानों के लिए 35 करोड़ की योजना प्रारम्भ की गई। 304 करोड़ की लागत से 17 से अधिक क्लस्टर आधारित पॉलीहाउस की स्थापना की गई। सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के वेतनमान में भी बढ़ोतरी की है। इस मौके पर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, पूर्व अध्यक्ष दिनेश उनियाल, शकुंतला जगवाण, जिपं उपाध्यक्ष सुमंत तिवारी, कुलदीप रावत, सविता भंडारी, पार्वती गोस्वामी, शालिनी गोस्वामी, भारत भूषण भट्ट, अरुण चमोली, अजय सेमवाल, सतेंद्र बर्त्वाल, बीना बिष्ट, शशि नौटियाल, कुंवरी बर्त्वाल, बुद्धिबल्लभ थपलियाल आदि मौजूद थे।