रुद्रप्रयाग और चमोली जिले के 365 गांवों के आराध्य है कार्तिक स्वामी
रुद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग व चमोली जिले के 365 गांवों के आराध्य देव भगवान कार्तिक स्वामी में विश्व शांति एवं क्षेत्र की सुख समृद्धि के चल रहे महायज्ञ में बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। तीसरे दिन महायज्ञ एवं पुराण वाचन में ब्राह्मणों ने गणेश पूजा, पंचपूजा, व्यास पूजा, रुद्रीपाठ के साथ ही भगवान कार्तिकेय की विशेष पूजा अर्चना कर नित्य पूजाएं संपन्न की। जबकि महायज्ञ में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ जौ-तिल व घी की आहुतियां डाली गई।
यज्ञ में पहुंचकर हर दिन बड़ी संख्या में भक्त ले रहे पुण्य फल
प्रतिदिन यज्ञ में करीब एक हजार से अधिक आहुतियां डाली जा रही है। कथावाचक आचार्य वासुदेव थपलियाल ने कहा कि भगवान कार्तिकेय की उत्पत्ति सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करने के लिए हुआ है। कहा कि पौराणिक कथाओं के श्रवण से मनुष्यों के सभी दुखों का हरण होता है। समय-समय पर कथाओं पर श्रवण करना भी जरूरी है। जिले के दूर दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्तजन जौ-तिल के साथ ही कथा श्रवण के लिए पहुंचकर पुण्य अर्जित कर रहे हैं। मंदिर में सुबह व शाम स्थानीय कीर्तन भजनों का आयोजन एवं भक्तों के जयकारों से क्षेत्र का पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
14 जून को होगी भव्य जल कलश यात्रा
कार्तिकेय मंदिर समिति के अध्यक्ष शत्रुघन नेगी ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में भक्तों का अपार सहयोग मिल रहा है। बताया कि 14 जून महायज्ञ भव्य जल कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। तथा 15 जून को पूर्णाहुति के साथ महायज्ञ का समापन किया जाएगा। बताया कि 14 जून को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का प्रस्तावित कार्यक्रम भी है। इस अवसर प्रबन्धक पूरण सिह नेगी, अध्यक्ष शत्रुघ्न नेगी, उपाध्यक्ष विक्रम सिह नेगी, सचिव बलराम सिंह नेगी, चन्द्र सिंह नेगी, लक्ष्मण सिह नेगी, दिनेश प्रसाद, दीपक चमोला समेत कई लोग मौजूद थे।
———