उत्तराखंड

अपनी काव्य रचनाओं से दिया पुत्रियों ने अपने पित्रों को तर्पण

सराहनीय

आकाश पिता व सीमा पर खड़ा हिमालय वीडियो और काव्य संग्रह बीज का संचरण का विमोचन

श्रीनगर। हिंदी साहित्य भारती उत्तराखंड एवं बिगुल संस्था के संयुक्त सहयोग में कवयित्री साईनीकृष्ण उनियाल के काव्य संग्रह “आकाश पिता” व ‘सीमा पर है खड़ा हिमालय’ वीडियो गीत तथा कवयित्री कमला उनियाल के काव्य संग्रह बीज का संचरण का विमोचन समारोह आयोजित किया गया। वक्ताओं ने दोनों काव्य संग्रहों की प्रशंसा करते हुए इसे नवोदित कवियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया।

श्रीनगर में अदिति स्मृति न्यास में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि वैश्विक हिंदी शोध संस्थान के महानिदेशक व हिंदी साहित्य भारती के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. जयंती प्रसाद नौटियाल ने कहा कि पितृपक्ष का शुभारंभ हो गया है। इससे बड़ा तर्पण क्या होगा कि कोई पुत्री अपने माता-पिता के लिए अपनी रचनाओं के माध्यम से साहित्यिक तर्पण कर रही हैं। आज जो हम लोग तर्पण करते हैं, उसे कल भूल जाते हैं। लेकिन जो दोनों नवोदित कवयित्रियों ने लिखा है वह सदियों तक काम आएगा। साहित्य का उद्देश्य होता है कि वह जन जागरण करें और आने वाली पीढ़ी को कुछ दे जाएं। निश्चित तौर पर यह रचनाएं समाज को कुछ विशिष्ट दे रही हैं।

कवयित्री साईनीकृष्ण उनियाल और कवयित्री कमला उनियाल नवोदित कवियों के लिए प्ररेणा स्रोत

कार्यक्रम के अति विशिष्ट अतिथि विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि हमें अपनी बोली भाषा व पहनावे का उत्थान करना चाहिए। दोनों नवोदित कवयित्रियों के लेखन और इनकी रचनाधर्मिता की उन्होंने खूब सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गढ़वाल विवि के हिंदी विभाग की पूर्व अध्यक्ष प्रो. उमा मैठाणी ने कहा कि दोनों नवोदित कवयित्रियां धैर्य व समर्पण भाव के साथ लेखन का कार्य कर रही हैं। दोनों मधुर कंठ के साथ ही चहुँमुखी प्रतिभा की धनी है। वरिष्ठ पत्रकार रीजनल रिपोर्टर की संपादक गंगा असनोड़ा थपलियाल ने कहा कि दोनों काव्य रचनाएं संवेदना से निकली हुई उपज है और नारी हृदय की संवेदनाओ को व्यक्त करती हैं। हिंदी साहित्य भारती उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष कविता भट्ट शैलपुत्री व वरिष्ठ कवि नीरज नैथानी ने काव्य संग्रह की समीक्षा प्रस्तुत कर दोनों को बधाई दी। नवोदित कवयित्री साईनी उनियाल ने अपनी काव्य रचना आकाश पिता को अपने पिता स्व. अंबिका प्रसाद नौटियाल व कमला उनियाल ने अपनी काव्य रचना बीज का संचरण को अपनी माता स्व. सुशीला देवी को समर्पित किया। इस अवसर पर साईनी उनियाल की माता सुनीता नौटियाल व कमला उनियाल के पिता सुरतीराम पैन्यूली को विधायक विनोद कंडारी द्वारा सम्मानित भी किया गया। संचालन इंटर कॉलेज के प्रवक्ता महेंद्र बंगवाल ने किया। प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. श्रीकृष्ण उनियाल ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष कृष्णानंद मैठानी, डालियों के दगड़िया के सचिव डॉ. मोहन पंवार, मां फाउंडेशन के सचिव इं. सत्यजीत खंडूड़ी, वासुदेव कंडारी, जितेंद्र धिरवाण, दिनेश असवाल, जयकृष्ण पैन्यूली, संदीप रावत, भगवान प्रसाद घिल्डियाल, उपासना भट्ट, दिनेश उनियाल, प्रकाश चमोली, संगीता फरासी, राधा मंदोली, गजेंद्र उनियाल, वीरेंद्र बिजल्वाण, नवीन उनियाल, मनोज उनियाल आदि मौजूद थे।

मायादेवी ग्रुप ने दी आकर्षक प्रस्तुति
कविता संग्रह विमोचन के अवसर पर मां मायादेवी ग्रुप की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रही। मास्टर प्रद्युम्न उनियाल ने हारमोनियम पर सुंदर गुरू वंदना की प्रस्तुति दी। साथ ही तेजस्वनी सेमवाल, प्रत्युषा भट्ट व परीक्षित उनियाल ने भी सुंदर प्रस्तुति दी। अभिनव डोभाल ने तबले पर शानदार संगत दी। मां मायादेवी ग्रुप से प्रीति सेमवाल, सविता बंगवाल, सरिता बंगवाल, मंजू उनियाल, कविता उनियाल, पूजा मिश्रा, कृतिका राणा, सुमित्रा रावत, संध्या नौटियाल, कांति भट्ट शामिल थे।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button