उत्तराखंड

उफराई देवी मंदिर में नौ दिवसीय महायज्ञ का भव्य शुभारंभ

धार्मिक अनुष्ठान: महायज्ञ एवं श्रीमद देवी भागवत कथा

12 वर्षों बाद हो रहा है मंदिर में महायज्ञ-देवीभागवत कथा का आयोजन

रुद्रप्रयाग। भरदार क्षेत्र में आठ गांवों के ग्रामीणों और उफराई देवी मंदिर समिति के सहयोग से उफराई देवी मंदिर में नौ दिवसीय महायज्ञ और श्रीमद देवी भागवत कथा का शुभारंभ हो गया। देव निशानों के गंगा स्नान के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के इस धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ हुआ। भक्तों के जयकारों से सम्पूर्ण माहौल भक्तिमय हो गया। जन जन और क्षेत्र की खुशहाली, सुख शांति व समृद्धि के लिए मां उफराई देवी मंदिर दरमोला में 12 वर्षों बाद अयुत्त महायज्ञ का आयोजन शुरू हो गया है। अनुष्ठान शुरू होने से पूर्व ग्रामीण भगवान शंकरनाथ, विनसर, क्षेत्रपाल, हीत, नागराजा समेत कई देव निशानों को ढोल नगाडों के साथ अलकनंदा और मंदाकिनी के संगम तट पर गंगा स्नान के लिए पहुंचे। जहां पर स्नान के बाद देव निशान मंदिर प्रांगण में पहुंचे और भक्तों ने पुष्प व अक्षतों से जोरदार स्वागत किया। देव निशानों ने नृत्य कर भक्तों को आशीर्वाद दिया।

रुद्रप्रयाग अलकनंदा और मंदाकिनी संगम में स्नान के बाद देव निशान पहुंचे मंदिर

इस दौरान क्षेत्र के दरमोला, जवाडी, रौठिया, स्वीली, सेम, डुंग्री, तरवाडी़, कोटली समेत आठ गांवों के लगभग एक हजार से अधिक भक्तों मंदिर परिसर में पहुंचकर पुण्य अर्जित किया। मंदिर में बने यज्ञ कुंड को भगवान शंकरनाथ एवं विनसर देवताओं द्वारा खोला गया। इसके बाद उफराई देवी मंदिर में 11 ब्राह्मणों ने पंचाग पूजा, गणेश पूजा, भद्र पूजा व्यास पूजा समेत कई नित्य पूजाएं संपन्न की। ब्राह्मणों ने हवनकुंड में जोत जलाकर आहुतियां डालने की प्रक्रिया शुरू की। प्रतिदिन हवनकुंड में एक हजार आहुतियां डाली जाएंगी। इस महायज्ञ में लगभग नौ हजार आहुतियां डाली जाएंगी। आगामी नौ अप्रैल को भव्य जल कलश एवं 10 अप्रैल को पूर्णाहुति के साथ महायज्ञ का समापन होगा।

देवी भागवत कथा श्रवण से धुलते हैं जन्म जन्मांतर के पाप- आचार्य गणेश जोशी
वहीं श्रीमद देवी भागवत पुराण कथा में कथावाचक आचार्य गणेश प्रसाद जोशी ने कहा कि देवी भागवत कथा से श्रवण से मनुष्यों के जन्म जन्मातरों के पाप धुल जाते है। कहा कि यह क्षेत्र केदारखंड में आता है। यह पूरा क्षेत्र भगवान शिव की नगरी है। यहां हमें दो-दो नदियां मिली है। जो पूरे क्षेत्र को पवित्र करते हुए आगे बढ़ रही है। कथा के बीच-बीच में भजन कीर्तनों से कथा का महौल भक्तिमय हो उठा।

भक्तजन और ग्रामीणों से किया आग्रह-
उफराई देवी मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रकाश कप्रवान एवं उपाध्यक्ष विक्रम सिंह पंवार ने बताया क्षेत्र की खुशहाली व समृद्धि के लिए उफराई देवी मंदिर दरमोला में 12 वर्षों बाद अयुत्त महायज्ञ व श्रीमद देवी भागवत कथा शुरू हुई है। आगामी नौ अप्रैल को भव्य जल कलश एवं 10 अप्रैल को पूर्णाहुति के साथ महायज्ञ का समापन होगा। उन्होंने क्षेत्र की जनता से बड़ी संख्या में आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर पहुंचने का आग्रह किया है।

यह लोग थे मौजूद-
इस मौके पर उफराई देवी मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रकाश कप्रवान, उपाध्यक्ष विक्रम पंवार, कोषाध्यक्ष देवराज सिंधवाल, सचिव देव सिंह रावत, सह सचिव नागेन्द्र कप्रवान, संरक्षक जसपाल पंवार, मंगल पंवार, लखपत सिंह पंवार, पुजारी योगेश डिमरी, ब्राह्मण वेदप्रकाश डिमरी, पुष्पानंद डिमरी, विजयानंद, विष्णु प्रसाद, लखपत सिंह, कमल सिंह, पूर्ण सिंह, विनोद पंवार, राकेश पंवार, दान सिंह समेत बड़ी संख्या में भक्तजन मौजूद थे।
————

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button