उत्तराखंड

कांग्रेसी बोले, राहुल का सदन में खुलाशा करने को लेकर डरी थी सरकार

कांग्रेस की प्रेसवार्ता

रुद्रप्रयाग। कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा से सदस्यता खत्म करवाने के मामले में अब कांग्रेस और भी आक्रोशित हो गई है। कांग्रेस ने राहुल गांधी को झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया साथ ही कहा कि अब संसद से लेकर सड़क तक बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस चुप नहीं बैठने वाली है। कांग्रेस ने प्रेस वार्ता कर इस पूरे घटनाक्रम को भाजपा की सोची समझी रणनीति बताया। ताकि राहुल गांधी सदन में अडानी को लेकर कोई भी बड़ा खुलाशा न कर सके।

कांग्रेस बोली, भाजपा ने राहुल गांधी को झूठे मामले में फंसाकर कराई सदस्यता खत्म

रुद्रप्रयाग स्थित ज्वाल्पा पैलेस में आयोजित प्रेस वार्ता में केदारनाथ के केदारनाथ क्षेत्र के पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि 7 फरवरी को राहुल गांधी ने संसद में अपने भाषण में अडानी महा घोटाले पर दो सीधे सवाल पूछे थे। उन्होंने 20 हजार करोड़ रुपये की बड़ी रकम को लेकर जैसे ही सवाल पूछने के प्रयास किए तो उन्हें झूठे मामले में फंसा दिया गया। लोकतंत्र के इतिहास में इस तरह की घटनाएं आज तक नहीं हुई है। जैसा भाजपा कर रही है। पूर्व विधायक मनोज रावत, ब्लॉक प्रमुख प्रदीप थपलियाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुंवर सजवाण, प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी ने कहा कि जब राहुल गांधी इस तरह के सवाल उठाने लगे तो उनकी सदस्यता खत्म कर दी गई। कांग्रेसियों ने कहा कि राहुल गांधी ही एक मात्र ऐसे नेता है जो प्रधानमंत्री मोदी के अडानी से रिश्ते को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

लोकतंत्र में सवाल पूछने का हर व्यक्ति को है पूरा अधिकार

कहा कि केंद्र सरकार ने अडानी को लाभ पहुंचाने के लिए देश को गर्त में धकेल दिया है। कहा कि राहुल गांधी ने अडानी के साथ पीएम मोदी की तस्वीर, उद्योग, हवाई अड्डों, श्रीलंका और बांग्लादेश में दिए गए बयानों, ऑस्ट्रेलिया में स्टेट बैंक भारत के चेयरमैन के साथ बैठे नरेंद्र मोदी और अडानी की तस्वीरें आदि को लेकर आवाज बुलंद की तो उन्हें फंसा दिया गया। सदस्यता खत्म कर दी गई। संसद में राहुल गांधी के भाषण के ठीक 9 दिन बाद उनके खिलाफ मानहानि का मामला फिर से शुरू किया गया।

रुद्रप्रयाग में प्रेस वार्ता कर कांग्रेसियों ने कहा कि कि इस कृत्य के खिलाफ होगा बड़ा आंदोलन

कहा कि राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खडगे के भाषण से अडानी घोटाले के महत्वपूर्ण और राहुल गांधी के भाषण लगभग पूरी तरह से संसद में रिकॉर्ड से हटा दिए गए। संसद के बजट सत्र के चल रहे दूसरे भाग में भारत के इतिहास में पहली बार एक सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा संसद को बाधित कर रही है। कहा कि संयुक्त विपक्ष इस पर जेपीसी संयुक्त संसदीय समिति चाहता है। राहुल गांधी पर भाजपा मंत्रियों द्वारा हमला किया गया। लोकसभा अध्यक्ष को राहुल गांधी ने दो बार लिखित अनुरोध किए जबकि तीसरी बार अध्यक्ष से बेठक कर बोलने का अनुरोध किया किंतु उन्हें बोलने का अवसर नहीं दिया गया। इससे साफ पता चलता है कि पीएम मोदी नहीं चाहते कि अडानी के साथ उनके रिश्ते का पर्दाफाश हो सके। कहा कि भाजपा अब झूठा हवा खड़ा कर रही है कि राहुल गांधी ने ओबीसी को सिर्फ इसलिए निशाना बनाया, कि उन्होंने पीएम मोदी से एक सवाल किया था। कहा कि जो व्यक्ति भारत जोड़ो यात्रा में 4 हजार किलोमीटर पैदल चल सकता है, वह कैसे एक समुदाय को निशाना बना सकता है। सूरत गुजरात में एक निचली अदालत के फैसले में 24 घंटे के भीतर भाजपा ने गांधी को लोकसभा में उनकी सदस्य को रद्द करने के लिए बिजली की गति से काम किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुंवर सजवाण ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनता की समस्याओं के प्रति सजग नहीं है जो जनता की आवाज उठा रहे हैं उनकी आवाज दबा रही है। चारधाम यात्रा सिर पर है अभी कोई व्यवस्थाएं नहीं है। जोशीमठ जैसे प्रसिद्ध स्थान की कोई सुध नहीं ली जा रही है।

चारधाम यात्रा के लिए सरकार के पास कोई नीति न होने का लगाया आरोप

केदारनाथ यात्रा के लिए कोई नीति नहीं है। स्थानीय रोजगार के लिए सरकार के पास कोई प्लान नहीं है। तीर्थयात्रियों की व्यवस्था और सुरक्षा के लिए भी अभी कोई तैयारी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के साथ हुए अन्याय के खिलाफ सदन से लेकर सड़क तक आंदोलन करेगी। प्रदेश से जिला और ब्लॉक स्तर तक केंद्र सरकार के कृत्य को जनता के बीच ले जाएंगे। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख प्रदीप थपलियाल, जिलाध्यक्ष कुंवर सजवाण, पूर्व विधायक मनोज रावत, पूर्व अध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट, प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी, जिला महामंत्री विजयपाल जगवाण, जिला प्रवक्ता नरेंद्र बिष्ट, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव संतोष रावत, वरिष्ठ नेता अर्जुन गहरवार, नगर अध्यक्ष प्रशांत डोभाल, दीपक भंडारी, ताजबर खत्री, तनुज पुरोहित, अरविंद गुंसाई सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।
——————-

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button