
रुद्रप्रयाग। सिंगोली-भटवाड़ी जल विद्युत परियोजना के कुंड बैराज से शनिवार को सभी गेटों से पानी छोड़ा जाएगा जिससे मंदाकिनी का प्रवाह बढ़ सकता है। इसलिए आम जनता को सर्तक रहना होगा। नदी किनारे न जाने की भी सलाह दी गई है।
सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे न जाएं नदी किनारे
सिंगोली भटवारी जल विद्युत परियोजना प्रबंधन बैराज कुंड द्वारा जानकारी दी गई कि शनिवार सुबह प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक सभी गेटों से पानी छोड़ा जाएगा। परियोजना प्रबंधन के अनुसार यह कार्य सिल्ट फ्लैशिंग में अनिवार्य रूप से किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के दौरान मंदाकिनी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। जिससे जल प्रवाह तेज हो जाएगा। जल स्तर में यह अस्थायी किंतु तीव्र वृद्धि आस-पास के क्षेत्रों में जोखिम पैदा कर सकती है। प्रबंधन द्वारा क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे नदी के समीप न जाएं। साथ ही अपने मवेशियों को नदी की ओर न ले जाएं। विशेष रूप से खनन कार्य में लगी संस्थाओं और लोगों को सचेत किया गया है कि वे अपनी मशीनों और जानवरों को प्रातः 11 बजे से पूर्व ही नदी क्षेत्र से बाहर निकाल लें। यह चेतावनी जन सुरक्षा को देखते हुए जारी की गई है ताकि किसी तरह से जान-माल की क्षति न हो।