
रुद्रप्रयाग। जनपद मुख्यालय स्थित पुंडेश्वर मंदिर पुनाड़ में चल रही 9 दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में बड़ी संख्या में भक्त कथा का श्रवण कर रहे हैं। रविवार को अवकाश होने के चलते कथा श्रवण के लिए मंदिर परिसर भक्तों से भरा रहा। कथा के दौरान भजन कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना है।
पुंडेश्वर महादेव में कथा के चौथे दिन भक्तों को कथा का रसपान कराते हुए कथा व्यास आचार्य प्रशान्त डिमरी ने कहा कि जिस पर मां भगवती की कृपा होती है उसे कभी कष्टों का अहसास भी नहीं होता है। मां स्वयं उसकी मदद करती है। जो लोग नित्य मां का स्मरण करते हैं उनमें सदबुद्धि, सदविचार आते हैं साथ ही सतकर्म करने की निरंतर प्रेरणा मिलती है। आचार्य डिमरी ने कहा कि जहां भी मां भगवती की कथाएं हों, उनका जरूर श्रवण करना चाहिए। इससे पहले ब्राह्मणों द्वारा नित्य पूजाएं संपंन कराई गई। भगवान पुंडेश्वर, मां भगवती के साथ ही स्थानीय देवताताओं का आह्वान करते हुए पूजा की गई।
समिति के अध्यक्ष प्रकाश गोस्वामी एवं सचिव सुनील नौटियाल ने कहा कि कथा का समापन 14 फरवरी को किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक भक्तों को कथा श्रवण करने के लिए कथा पांडाल में पहुंचने का आह्वान किया है। इस मौके पर पांडव नृत्य एवं शिव समिति पुनाड़ के अध्यक्ष प्रकाश गोस्वामी, सचिव सुनील नौटियाल, सह सचिव शैलेंद्र गोस्वामी, संरक्षक महेश चंद्र डियून्डी, रामचन्द्र नौटियाल, चक्रधर प्रसाद सेमवाल, विक्रम कप्रवान, चंडी प्रसाद, हरीश कप्रवान, नरेंद्र गिरी, हरीश गिरी, गोविंद गिरी, प्रकाश सिंह, कुंवर सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद थे।