
रुद्रप्रयाग। जनपद के भरदार पट्टी के घेंघडखाल में घास लेने गई सास-बहु पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया जिससे दोनों महिलाएं घायल हो गई। ग्रामीणों की मदद से दोनों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया है। जहां डाक्टरों द्वारा उपचार किया जा रहा है।
घेंघड़खाल में घास लेने गई दोनों महिलाओं पर गुलदार ने हमला कर किया घायल
जानकारी के अनुसार जनपद के भरदार पट्टी के घेंघडखाल निवासी मघोसी देवी एंव उनकी बहु विनीता देवी शनिवार सुबह गांव के पास ही घास लेने के लिए गए। इसी बीच झाड़ी में छिपकर पहले से ही घात लगाए हुए गुलदान ने पहले सास मघोसी देवी पर हमला कर दिया। घटना मुंह के सामने देख बहु चिल्लाते हुए दरांती के साथ गुलदार की ओर आई। बीच बचाव करते गुलदार ने बहु विनीता देवी पर भी हमला कर दिया। सास के सिर एवं छाती पर जख्म है जबकि बहु के दोनों पैरों पर जख्म है। इसी बीच दोनों महिलाओं की चिल्लाने की आवाजें सुनकर पास में ही गांव से ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। इस बीच देखा तो दोनों महिलाएं लहु लुहान थी। उन्होंने ग्रामीणों को पूरे घटनाक्रम को बताया।
ग्रामीणों की मदद से दोनों महिलाएं जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती
महिलाओं ने ग्रामीणों से बताया कि गुलदार काफी बड़ा था और उन्होंने पहली बार इसे देखा है। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा त्वरित दोनों महिलाओं को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया जहां दोनों का उपचार चल रहा है। डॉक्टरों ने दोनों महिलाओं की स्थिति में सुधार होने की बात कही है। इधर, क्षेत्र में गुलदार द्वारा की गई घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने वन विभाग से शीघ्र पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है। साथ ही दोनों महिलाओं को मुआवजा देने की मांग भी की है।